इराक़ी सेना, स्वयंसेवी बल और अंबार प्रांत के क़बायली बल पश्चिमी इराक़ के रमादी शहर की ओर बढ़ रहे हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी सेना, स्वयंसेवी बल और अंबार के क़बायली बल दो छोर से रमादी शहर की ओर बढ़ रहे हैं। उत्तर में अलबूज़याब और पूरब में हुसैबा वल मज़ीक़ की ओर से आगे बढ़ रहे हैं।
अंबार प्रांत की प्रांतीय परिषद के अध्यक्ष अली दाऊद ने गुरुवार को बताया कि रमादी को आई एस आई एल के क़ब्ज़े से मुक्ति दिलाने के लिए सैन्य अभियान के दूसरे चरण के तहत ये बल आगे बढ़ रहे हैं।
इराक़ी रक्षा मंत्री ख़ालिद अलउबैदी ने बुधवार को बताया था कि इराक़ी सेना, पुलिस और स्वयंसेवी बल ने, रमादी को आज़ाद कराने के अभियान के दूसरे चरण में इस शहर को पूरी तरह घेरे में लेने के बाद, रमादी से आतंकियों के सफ़ाए के लिए अभियान शुरु किया है।